पांच मिनट में उठवाने की धमकी दे रही महिला
शहीद के समाधि स्थल तक चकरोड डालने का है विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। गांव नगला टीन में शहीद के समाधि स्थल तक चकरोड विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। एक आरोपी महिला की ओर से पीड़ित पक्ष को पांच मिनट में उठवा लेने की धमकी दी गई है। वह खुद को सपा नेता बताती है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाली नगला टीन निवासी सैनिक ताले सिंह की विधवा को रसूखदार चकरोड समाधि स्थल तक चकरोड डालने नहीं दे रहे हैं। इस मामले में रिटायर्ड कैप्टन सुभाष सिकेरा की ओर से ज्ञान सिंह, ग्रीश चंद्र, सोनू, सचिन, गुड्डी देवी और पिंकी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित परिवार को जहां एक आरोपी पंजाब से शूटर बुलाकर जान से मरवा देने की धमकी दे रहा है। वहीं रसूखदार पिंकी यादव की ओर से पांच मिनट में सबको उठवा देने की धमकी दी गई है। पिंकी खुद को सपा नेता बताते हुए शहीद सैनिक के परिजन को धमका रही है।
सुभाष का कहना है कि शहीद ताले सिंह के तीन पुत्र सेना में देश की सुरक्षा कर रहे हैं। शहीद भाई की विधवा पत्नी घर में अकेली हैं। जिस कारण से रसूखदार आए दिन धमकाते हैं। वहीं पुलिस ने चकरोड के विवाद को सुलझाने और रसूखदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।