सड़क हादसे में घायल महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
मैनपुरी। देवी रोड पर 21 दिसंबर को हुए सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन मेडिकल कॉलेज सैफई में उपचार करा रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला शैतान निवासी आलोक कुमार ने बताया कि 21 दिसंबर को मां सावित्री देवी अपने पौत्र के साथ मैनपुरी बाजार गई थीं। शाम के समय वापस लौटते समय देवी रोड पर पीछे से आ रही पिकअप की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान मां सावित्री देवी ने दम तोड़ दिया। मृतका के पुत्र आलोक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पिकअप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।