बाह (आगरा)। कोटा- पटना एक्सप्रेस ट्रेन में सवार महिला यात्री ने शुक्रवार देर रात 2 बजे बेटी को जन्म दिया। वह परिजन के साथ सफर कर रही थी। बाह में ट्रेन को रोककर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने जच्चा व बच्चा को सुरक्षित और स्वस्थ बताया है। उन्नाव के बरहा जगरपुरा की रोशनी अपने पति अरविंद एवं अन्य परिजन के साथ कोटा-पटना एक्सप्रेस से सफर कर रही थी। आगरा इटावा के बीच शुक्रवार देर रात 2 बजे के करीब रोशनी को चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा हुई और उसने बेटी को जन्म दिया। चलती ट्रेन में बेटी की किलकारी गूंजी तो सह यात्री इकट्ठे हो गये। प्रसव होने पर ट्रेन को आपात स्थित बाह स्टेशन पर रोका गया। स्टाफ एवं यात्रियों की मदद से उतारा गया, 102 डायल कर एंबुलेंस को काल किया गया और बाह सीएचसी पर भेजा गया। बाह के स्टेशन मास्टर संजय राठौर ने बताया कि कोटा-पटना एक्सप्रेस का बाह में स्टापेज नहीं है। महिला के प्रसव की बजह से आपात स्थित में रोका गया। बाह सीएचसी के अधीक्षक डा. जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि जच्चा एवं बच्चा दोनों सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं, परिजन अस्पताल से छुट्टी कराकर घर ले गए हैं।