मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र में सोमवार की दोपहर गांव परतापुर के पास रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। वहीं पुत्र व भतीजा घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी 35 वर्षीय शकुंतला देवी अपने मायके गांव नगला मांझ अघार थाना एलाऊ में थी। सोमवार की दोपहर अपने पांच वर्षीय पुत्र सूर्यांश को डॉक्टर को दिखाने के लिए गांव छाछा जा रही थी। बाइक 30 वर्षीय भतीजा आकाश चला रहा था। बाइक जब थाना भोगांव क्षेत्र में गांव परतापुर के पास पहुंची, तभी मार्ग से गुजर रही रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
हादसे में शकुंतला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा व भतीजा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।