कासगंज । गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र में एटा मार्ग पर दो बाइकों में भिडंत हो गई। जिसमें बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। वहीं एक किशोरी सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के गांव आशानंद निवासी महिला पूजा (23) पत्नी चंद्र प्रकाश अपने बहनोई अखलेश और भाई घनश्याम के साथ शुक्रवार की देर रात्रि लगभग 9 बजे बाइक पर सवार होकर बइनाई के गांव रामछितौनी जा रहे थे। एटा मार्ग पर गांव गनेशपुर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिडंत हो गई। हादसे में पूजा ,अखलेश, घनश्याम और दूसरी बाइक पर सवार गांव ढूंढरा निवासी मुनेश और उसकी मां प्रेमवती और जानवी निवासी नगला नाज घायल हो गईं ।घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से गंजडुंडवारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां पूजा को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों को जिला अस्पताल भेजा दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत में एक महिला की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं।