कासगंज। कासगंज-सहावर मार्ग पर बुधवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नगला चीटा के समीप बाइक फिसलने से नीलम (39) पत्नी गजेंद्र निवासी नहरपुर सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर घायल हो गया।
नीलम बुधवार को अपने पति के साथ नहरपुर से अपने मायके खोजपुर जा रही थी। जब बाइक सहावर मार्ग पर ग्राम नगला चीटा के समीप पहुंची तो अचानक बाइक बारिश के चलते फिसल गई। हादसे में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क हादसे में महिला की मौत होने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
वहीं, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाली प्रभारी राजकुमार ने बताया कि परिजन ने महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। शव को पंचनामा भरने की कार्रवाई कर परिजनों को सौंप दिया गया।