कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुए प्रसव के बाद बृहस्पतिवार को महिला की मौत हो गई। मृतक प्रसूता की मां की शिकायत पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
क्षेत्र के गांव चाकरपुर निवासी आशा (23) पत्नी अखलेश की प्रसव के बाद मौत हुई। अखलेश ने बताया कि पत्नी आशा को बुधवार की सुबह प्रसव पीडा होने पर पटियाली स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। प्रसूता की हालत बिगडने पर पति व अन्य ससुरीलजन के द्वारा उसे निजी स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया। जहां प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई। परिजन प्रसूता को अस्पताल से छुट्टी कराकर घर ले गए। सांय के समय आशा की मौत हो गई। आशा की मौत की सूचना उसकी मां को दी। सूचना पर उसकी मां गांव चाकरपुर पहुंच गई। मां ने ससुरलीजनों पर बेटी के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद महिला के शव के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजपाल सिंह ने बताया कि प्रसव के बाद घर पर मौत की सूचना प्राप्त हुई है। मां की शिकायत पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है।