करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव चंदरपुर बोझी में आरोपियों ने एक महिला से गाली गलौज की। इसके बाद घर पर हमला बोल कर परिवार के लोगों को धारदार हथियार और सरिया से पीटकर घायल कर दिया। आरोपी तिजोरी तोड़कर 35 हजार रुपये लूट कर ले गए। पीड़िता ने कुर्रा थाने पहुंच कर तहरीर दी। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
कुर्रा क्षेत्र के गांव चंदरपुर बोझी निवासी नीतू सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह वह अपने खेत पर गई थीं। तभी गांव का रहने वाला एक आरोपी मिला और बेवजह गाली गलौज करने लगा। वह चुपचाप अपने घर लौट कर आ गई। इसके बाद आरोपी अपने साथियों को लेकर महिला के घर आ गया और गालियां देने लगा। आरोपी लाठी डंडा, सरिया, कुल्हाड़ी आदि लेकर घर में घुस गए। नीतू के पति कल्यान सिंह और परिवार के सचिन, नीरज को सरिया और कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। आरोपियों ने घर में रखी तिजोरी तोड़कर 35 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी वहां से भाग गए। पीड़िता ने कुर्रा थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।