मैनपुरी। मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी एक युवक साइबर ठगी के शिकार हो गए। ठग ने रिमोट एप डाउनलोड कराने के बाद मोबाइल हैक कर लिया और खाते से 3 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी देशबंधु गुप्ता ने बताया कि 6 दिसंबर 2024 को उन्होंने गूगल पर एक हैल्थ इंश्योरेंस कंपनी का नंबर सर्च किया था। इसके कुछ देर बाद उनके पास उनके पास फोन आया, फोन करने वाले व्यक्ति ने इंश्योरेंस से संबंधित बातें की। इसके बाद उन्हें एक रिमोट एप डाउनलोड करने के लिए कहा। डाउनलोड करने के बाद साइबर ठग ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद खाते से 3 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। ठगी की जानकारी होने के बाद उन्होंने तुरंत ही हैल्प लाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना में शिकायत देकर ठगी से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराई। साइबर थाना पुलिस ने जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।