कासगंज। जिले के परिषदीय स्कूलों के कायाकल्प का कार्य लगातार चल रहा है। इन परिषदीय स्कूलों में बच्चों के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। टायलीकरण, फर्नीचर आदि के कार्य पूर्व में स्कूलों में किए गए, लेकिन पूरी तरह से स्कूल संतृप्त नहीं हो पाए थे। अब 1263 परिषदीय स्कूलों के लिए 5.07 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। शीघ्र ही यह धनराशि बेसिक शिक्षा विभाग को मिलेगी। जिससे स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सौंदर्यीकरण और सुविधाएं विकसित करने का कार्य होगा।
कंपोजिट ग्रांट आवंटित होने से विद्यालयों की सूरत बदलेगी और बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित होगी। सभी स्कूलों में रंगाई, पुताई, फर्नीचर, शौचालय, पेयजल, जल निकासी, मनोरंजन के साधन सहित सभी मानकों से जुड़े कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। इस बजट के प्रयोग के बाद परिषदीय विद्यालय संतृप्त हो जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा कंपोजिट ग्रांट की धनराशि स्कूल प्रबंध समिति के खाते में भेजी जाएगी। इस धनराशि का प्रयोग विद्यालयों में कार्य की प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यदि किसी विद्यालय के टॉयलेट में पानी की सप्लाई की समस्या है तो उसे दूर किया जाएगा। कहीं फर्नीचर की जरूरत है तो फर्नीचर लिया जाएगा। वर्षभर में स्कूल की साफ सफाई पर जरूरत के सामान की खरीदारी होगी। जिससे बेहतर सफाई व्यवस्था स्कूल परिसरों में बनी रहे।
परिषदीय विद्यालयों के लिए कंपोजिट ग्रांट का 5.07 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। स्वीकृति पत्र मिल चुका है। शीघ्र ही धनराशि आ जाएगी। इस धनराशि से कायाकल्प से जुड़े अधूरे या क्षतिग्रस्त कार्यों को कराया जाएगा- राजीव यादव, बीएसए।