सहावर। मंगलवार की सुबह सात बजे एक युवक थाने पहुंच गया। यहां पुलिसकर्मी उससे कुछ पूछते, तब तक उसे उल्टी हो गई। यह देखकर पुलिसकर्मी सकते में आ गए। युवक ने बताया कि वह अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत करने आया है और उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया है। पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। गांव भिलौली की युवती का विवाह कुछ समय पूर्व फिरोजाबाद के गांव रखाबाली निवासी ब्रजेश (28) से हुआ था। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इससे महिला अपने मायके आ गई। काफी समय से मायके में रह रही पत्नी को लेने के बाद ब्रजेश यहां आया हुआ था। जब उसकी पत्नी ने साथ जाने से मना कर दिया तो उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद युवक थाने पहुंच गया। थाने में तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा में भर्ती कराया गया। डॉ. मकसूद आलम ने बताया कि युवक खतरे से बाहर है। उपचार के बाद उसकी छुट्टी कर दी जाएगी। थाना प्रभारी प्रवेश राना ने बताया कि सुबह 7 बजे करीब फिरोजाबाद का युवक लड़खड़ाता हुआ आया और आते ही सिपाही से पत्नी की शिकायत करते हुए विषाक्त खाने की बात बताई। इस पर उसे स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।