कासगंज। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले की सभी निकायों में एमआरएफ प्लांट तैयार किया जा चुके हैं। बिलराम नगर पंचायत में चिन्हित की गई भूमि पर विवाद उत्पन्न हो गया है। एक महिला ने भूमि पर स्वयं का स्वामित्व बताते हुए यहां ने गेंहू की फसल बो दी है। जिससे प्लांट के निर्माण की तैयारी रोक दी गई है। 33.67 लाख की धनराशि से यहां प्लांट का निर्माण होना है।स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले के सभी निकायों में एमआरएफ प्लांट स्थापित किए गए हैं। सभी निकायों में एमआरएफ प्लांट से कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। नगर पंचायत बिलराम में अभी एमआरएफ प्लांट का स्थापना नहीं हो पाई है। नगर पंचायत ने गांव जखेरा और महेशपुर के बीच करीब सात बीघा भूमि चिन्हित की है। उस पर कस्बे की रहने वाली महिला ओमवती ने पट्टे के आधार पर स्वयं का स्वामित्व होने का दावा किया है। उसने गेहूं की फसल तैयार कर ली है। मामले को लेकर प्रभारी अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने एसडीएम सदर संजीव कुमार को पत्र लिखकर महिला का कब्जा हटाए जाने की मांग की है। प्रशासन महिला द्वारा तैयार की गई फसल काटने का इंतजार कर रहा है। इसके बाद ही नगर पंचायत द्वारा भूमि कब्जे में ली जाएगी और इस पर प्लांट तैयार करने की कार्रवाई शुरू होगी। डीपीएम आतिफ हुसैन ने बताया कि 33.67 लाख की धनराशि से तैयार होने वाले एमआरएफ प्लांट की क्षमता पांच टन कूड़े का निस्तारण करने की होगी। भूमि पर महिला के स्वामित्व का विवाद समाप्त होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा।