कासगंज। भारत की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकार की ओर से मनाए जा रहे मेरी माटी मेरा देश-अमृत कलश यात्रा कार्यक्रम को जिले में भव्यता एवं जनसहभागिता के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को घर घर जाकर मुठ्ठीभर मिट्टी व चुटकीभर चावल प्राप्त कर अमृत कलश में संग्रहण किया गया।
सांसद राजवीर सिंह, विधायक सदर देवेंद्र सिंह राजपूत, विधायक अमांपुर हरीओम वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बौबी कश्यप व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुए। जनसहभागिता के साथ ग्रामीण क्षेत्र में विकास खंड सिढ़पुरा की ग्राम पंचायत सिकहरा, विकास खंड अमांपुर की ग्राम पंचायत अर्जुनपुर कदीम तथा विकास खंड कासगंज की ग्राम पंचायत भैंसोरा खुर्द में पहुंच कर मेरी माटी मेरा देश-अमृत कलश यात्रा कार्यक्रम का धूमधाम के साथ शुभारंभ किया गया। सांसद व विधायकों ने गांवों में घर घर जाकर अमृत कलश में चुटकी भर चावल/मिट्टी एकत्रित की गई तथा सरकारी विद्यालयों में अमृत कलश को सुरक्षित रखा गया। अमृत वाटिका, शिलाफलकम् स्थल पर आयोजित भव्य समारोह में देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन कर वीर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान पंचप्रण की शपथ दिलाई गई तथा पौधरोपण भी किया गया।
सांसद ने कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। ग्राम सिकहरा, अर्जुनपुर कदीम तथा भैंसोरा खुर्द में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, महिला व युवक मंगलदल, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा मेरी माटी मेरा देश-अमृत कलश यात्रा कार्यक्रम को जनपद में भव्यता के साथ आयोजित कराकर सफल बनाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जिले के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में उक्त कार्यक्रम का आयोजन 11 से 30 सितंबर तक कराया जाएगा। 1 से 13 अक्टूबर के मध्य ग्रामीण क्षेत्रों से एकत्रित अमृत कलश ब्लॉक मुख्यालय पहुंचाए जाएंगे। इस दौरान महामंत्री राजवीर सिंह भल्ला, नीरज शर्मा, जिला मंत्री अनुरोध प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष आकाशदीप वर्मा, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र बौहरे, नीरज मिश्रा, श्यामसुंदर गुप्ता, अभय मिश्रा, कुलदीप प्रतिहार, जिलाध्यक्ष युवा र्मोचा प्रशांत राजपूत मौजूद रहे।