मैनपुरी। मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी के बीच शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। दिन में कई बार रिमझिम बारिश हुई तो मौसम सुहावना हो गया। लोगों ने गर्मी से राहत ली। लेकिन बारिश की आशंका के बीच किसान चिंतित है। अब यदि तेज बारिश होती है तो किसानों के खेतों में खड़ी धान और बाजरा की फसल में भारी नुकसान होगा।
शुक्रवार को सुबह से ही जिले में बादल छाने के साथ रिमझिम बारिश रुक रुककर हुई। हालांकि इस बारिश से किसानों का नुकसान नहीं हुआ। लेकिन देर शाम तक आकाश में काले बादल छाए हुए थे। वहीं मौसम विभाग की ओर से 28 से 30 सितंबर तक हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस संभावना से किसान चिंतित हैं। रठेरा निवासी किसान अमराज सिंह का कहना था कि आठ दिन पहले हुई बारिश ने तबाही बचाई थी। उस बारिश में तराई क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। यदि अब और बारिश होती है तो ऊपरी इलाके की तैयार धान और बाजरा की फसल में भी भारी नुकसान होगा। ककरारा निवासी किसान रमेश चंद्र चौहान का कहना था कि अब बारिश की कोई जरूरत नहीं है। तेज हवा के साथ यदि बारिश होती है तो फसलों में भारी नुकसान होगा।