कासगंज। यातायात पुलिस के द्वारा वाहनों पर जातिसूचक, संप्रदाय सूचक चित्र, पद सूचक लिखावट व स्टीकर न हटाने पर लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। लेकिन लोग अभी भी नहीं संभल रहे। मंगलवार को यातायात पुलिस ने 210 वाहनों के चालान किए है।यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शासन के द्वारा स्पष्ट गाइडलाइन है कि किसी भी वाहन पर जाति, संप्रदाय आदि के स्टीकर नहीं लगाए जा सकते। वहीं दुपहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट व चार पहिया वाहन चलाते वक्त सीट बैल्ट का प्रयोग करना जरूरी है। इसके बावजूद लोग इन नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के लोग वाहन चला रहे हैं। बुलेट बाइक में मोडिफाइड साइलेंसर भी नहीं हटवाए जा रहे। यातायात विभाग इन बिंदुओं पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस का यह अभियान पूरे माह चलेगा। लोग यातायात के नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय हेलमेट लगाएं, सीट बेल्ट लगाएं और वाहनों पर जातिसूचक, संप्रदायसूचक चित्र व स्टीकर हटवा लें।