सोरोंजी लहरा गंगाघाट पर बढे गंगा के पानी का ड्रोन कैमरा से लिया गया फोटो।
कासगंज। बीते तीन दिनों से लगातार गंगा के जलस्तर में वृद्धि बनी हुई है। गंगा के बैराजों से पानी का प्रवाह लगातार बढ़ रहा है। हरिद्वार, बिजनौर और नरौरा बैराज से पानी के प्रवाह में निरंतर वृद्धि जारी है। ऐसे में पानी बढ़ने और कांवड़ मार्ग तक पहुंचने के कारण लहरा गंगाघाट पर कांवड़ियों के लिए दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। वहीं पटियाली इलाके के 12 से अधिक गांव की आबादी के नजदीक खादर व खेतों तक पानी पहुंच गया है।गंगा में जलस्तर बढ़ने के कारण सर्वाधिक परेशानी गंगाघाटों पर हो रही है। लहरा गंगाघाट की तलहटी में गंगा का पानी काफी पहुंच गया है। गंगाघाट पर पानी के बीच दुकानें संचालित हो रहीं हैं और कांवड़िये कांवड़ भर रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर भी पानी भर गया है। दूसरे वैकल्पिक मार्ग से ज्यादातर कांवड़िये निकल रहे हैं। प्रशासन ने मार्ग को सही भी कराया, लेकिन रेतीला मार्ग होने के कारण दिक्कतें बरकरार हैं। वहीं पटियाली इलाके के नगला दिपी की आबादी तक पानी की दस्तक हुई है, लेकिन आबादी अभी सुरक्षित है। नगला दुरजन, नगला जयकिशन, मूंझखेड़ा, नगला नरपत सहित आस पास के कई खेतों व खादर में पानी भरा हुआ है। वहीं विभिन्न मार्गों पर भी पानी बह रहा है। नगला दिपी के मार्ग पर भी गंगा का पानी बहता नजर आया। बाढ़ के पानी के बीच लोग आवागमन करते नजर आए। खेतों में पानी भर जाने के कारण प्रभावित इलाके के ग्रामीणों को पशुओं के लिए चारा लाने में भी दिक्कतें हो रही हैं। पशुओं को भी पशुपालक जंगल में चरने को नहीं भेज पा रहे। क्योंकि जगह जगह निचले स्थानों पर पानी भरा हुआ है।