डाक विभाग द्वारा भेजे गए वाटर प्रूफ राखी लिफाफे।
मैनपुरी। डाक विभाग ने इस साल भाई-बहन के अटूट प्यार के प्रतीक रक्षाबंधन पर बहनों के लिए तोहफा दिया है। दूसरे शहरों में रहने वाले भाईयों को राखी भेजने के लिए अब बहनों को डाक घर नहीं आना पड़ेगा, बल्कि पोस्टमैन घर-घर जाकर बहनों को वाटर प्रूफ राखी वाले लिफाफे उपलब्ध कराएंगे और घर से डाक वापस लेंगे। लिफाफे की कीमत 10 रुपये है।भाई-बहनों के रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन बेहद सबसे खास होता है। बहनें दूसरे शहरों में रहने वाले अपने भाइयों के लिए डाक द्वारा राखियां भेजती हैं। डाक विभाग द्वारा बहनों के लिए हर साल कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है। इस साल बहनों को अपने भाइयों के लिए राखी भेजने के लिए पोस्ट ऑफिस के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डाक विभाग द्वारा मुख्य डाक घर को 500 वाटर प्रूफ लिफाफे भेजे गए है। पोस्ट मैन इन लिफाफों को घर-घर जाकर बेचेंगे और वापस घरों से ही प्राप्त करेंगे। इससे महिलाओं और बालिकाओं को सुविधा मिलेगी। पोस्टमास्टर अनिल कुमार ने बताया कि विभाग ने मुख्य डाक घर को 500 लिफाफे उपलब्ध कराए गए है। 10 रुपये कीमत वाला लिफाफा पोस्टमैन बहनों को घर पर उपलब्ध करवाएंगे और वहीं से वापस लेंगे। ये लिफाफे मुख्य डाकघर सहित सभी शाखा डाकघरों पर भी उपलब्ध हैं।