तीन महीने से पानी के लिए हर दिन प्रदर्शन कर रहे दयालबाग स्थित नगला हवेली के लोगों को पानी देने के लिए जलनिगम ने 2 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है।
नगला हवेली को पानी देने के लिए लॉयर्स कॉलोनी की टंकी से अलग पाइपलाइन के जरिए जोड़ा जाएगा। जल निगम की विश्व बैंक इकाई ने एस्टीमेट बनाकर नगर निगम को सौंप दिया है। वहीं इस मामले में नगला हवेली के लोग मंगलवार की दोपहर जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर महेश गौतम से मिले और उनसे पूछा कि पानी कब मिलेगा।
नगला हवेली के चौ. रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी ने जलनिगम के प्रोजेक्ट मैनेजर महेश गौतम से पूछा कि तीन महीने से पानी नहीं मिल रहा। कब तक जलापूर्ति हो पाएगी। महेश कुमार गौतम ने बताया दो करोड़ का एस्टीमेट बनाकर नगर निगम को दे दिया है। जैसे ही नगर निगम काम चालू करने के लिए बजट जारी कर देगा, लॉयर्स कॉलोनी टंकी से अलग लाइन डालकर नगला हवेली को पानी देने का काम शुरू हो जाएगा।
संबंधित खबर-
पानी दो सरकार! नगला हवेली की महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी को खून से लिखा पत्र
महेश गौतम ने नजदीक की अदनबाग टंकी से पाइप लाइन को जोड़कर पानी देने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन उसमें यह तय नहीं कि कितने घरों तक पानी मिलेगा और कितने प्रेशर से पानी आएगा। इस दौरान सत्यवीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी, गुलाब सिंह बघेल, केवल बघेल, मलखान जाटव, विश्वेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।