जांच करती पुलिस व फोरेंसिक विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में बंद पड़ी फैक्टरी के अंदर लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चौकीदारकी गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस अफसरों के साथ मृतक के परिजन भी पहुंच गए। शव पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
औद्योगिक क्षेत्र में जुगल किशोर की सीमेंट के पाइप बनाने की फैक्टरी है, जो दो माह से बंद है। जुगल किशोर परिवार के साथ सूरत में निवास करते है। नसीरपुर के गांव नानेमऊ निवासी उदयवीर (70) चौकीदार के पद पर काम करता था। रविवार रात को उदयवीर सिंह फैक्टरी के अंदर चारपाई पर सो रहा था। तभी बदमाशों ने फैक्टरी के जंगले की सरिया तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लूटपाट करने लगे। इस बीच चौकीदार के जागने पर उसके द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने जनरेटर का सामान चोरी करने का प्रयास करते हुए बंद पड़े ऑफिस का भी ताला तोड़ दिया।
सोमवार सुबह उदयवीर का भतीजा सनोज खाना देने फैक्टरी पहुंचा। उसके द्वारा चाचा को आवाज लगाई गई। अंदर से जवाब न आने पर मृतक के बेटा रमेश चंद्र को जानकारी दी। रमेश परिवार के साथ फैक्टरी पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसपी देहात कुमार रणविजय सिंह, सीओ शिकोहाबाद कमलेश सिंह और थानाध्यक्ष शिकोहाबाद प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फैक्टरी के अंदर जाकर देखा तो उदयवीर सिंह का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। उदयवीर सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने फैक्टरी के अंदर जांच पड़ताल की तो सीसीटीवी कैमरे अस्त व्यस्त थे। वहीं डीबीआर भी गायब थी। शव को पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुट गई है। सीओ शिकोहाबाद कमलेश सिंह का कहना है कि चौकीदार की हत्या गोली मारकर की गई है। सीसीटीवी खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।