कासगंज। मंडी समिति, खाद्य विभाग एवं आपूर्ति विभाग की टीमों की छापामार कार्रवाई के बाद दो कंपनी के गोदाम संचालकों ने आवश्यक कागज मंडी सचिव के पास जमा कर दिए। इसके साथ जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अरुण कुमार त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार, मंडी सचिव शैलेंद्र कुमार, मंडी इंस्पेक्टर राजेश भदौरिया, विपिन सक्सेना, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी घनश्याम वर्मा की टीम ने बृहस्पतिवार को राधा माधव मिल में संचालित ओलम कंपनी एवं मनीषा एग्रो के गोदाम को सील कर दिया था। दोनों गोदाम संचालकों को पोर्टल पंजीकरण एवं मंडी चौहद्दी खरीद की रसीद आदि कागज जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद गोदाम संचालकों ने शुक्रवार को आवश्यक कागज जमा कर दिए। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गोदाम संचालकों ने कागज जमा किए हैं। इन कागजों की जांच की जा रही है। जांच के बाद गोदाम का स्टॉक मिलान आदि किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।