सोमवार को उमड़ी भारी भीड़
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में जन्माष्टमी पर हुए हादसे के बाद अधिकारियों के लिए मंदिर एक प्रयोगशाला बन गया है। नए-नए प्रयोग हुए लेकिन मंदिर में भीड़ का दबाव कम होने की बजाए और बढ़ रहा है। हर दिन हो रहे प्रयोगों से जहां आम लोग परेशान हो रहे हैं वहीं दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त श्रीबांकेबिहारी के दर्शन के लिए उमड़े। आस्था के इस सैलाब के आगे सभी व्यवस्थाएं नाकाफी नजर आईं। एकादशी पर सुबह 8:45 पर दर्शन खुलने से पूर्व ही ठाकुरजी के दर्शन करने की अभिलाषा लेकर लोग मंदिर के बाहर खड़े दिखाई दिए।
धीरे-धीरे मंदिर के बाहर भीड़ इतनी बढ़ती गई कि भीड़ के दबाव को देखकर मंदिर के सुरक्षागार्ड और पुलिस कर्मियों के हाथ पैर फूल गए। निजी सुरक्षा गार्ड लोगों को बाहर की ओर निकालने का प्रयास कर रहे थे लेकिन भीड़ अंदर से बाहर नहीं निकल रही थी, जबकि बाहर से मंदिर में लगातार भक्त प्रवेश कर रहे थे। इससे मंदिर के अंदर के हालात बिगड़ते गए।