कासगंज। एटा लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। इस चुनावी रण में 10 प्रत्याशियों ने जोर-आजमाइश कर अपना-अपना भाग्य आजमाया। सुबह मतदान शुरू होते ही लोगों में वोट डालने के लिए खासा उत्साह दिखा। शाम तक कुल 59.17 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं के रुझान के अनुसार यहां मुख्य मुकाबले में भाजपा और सपा प्रत्याशी ही रहे। जिले में 1003626 मतदाताओं ने अपने मनपसंद प्रत्याशी को चुनने के लिए मतदान किया। एटा लोकसभा सीट पर भाजपा, सपा, बसपा सहित 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें से मुख्य दलों में भाजपा से राजवीर सिंह उर्फ राजू भैय्या, सपा से देवेश सिंह शाक्य, बसपा से मोहम्मद इरफान एडवोकेट ने दावेदारी ठोकी। इन प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में लुभाने के लिए हर संभव प्रयास किए। घर-घर जाकर वोट मांगे। रोड शो किए, जनसंपर्क किया। समर्थकों ने भी अपने प्रत्याशी के लिए हवा बनाने की कोशिश की। मंगलवार को सभी प्रत्याशियों की इस कवायद की मतदाताओं ने जमकर परीक्षा ली। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के साथ मतदाता बूथ पर पहुंचे और अपने मत का प्रयोग किया। काफी बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लग गईं। शाम को कुल 59.17 प्रतिशत के साथ मतदान छिटपुट घटनाओं के साथ संपन्न हो गया। इसमें 1696174 में से अनुमानित 1049942 मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह सभी 10 प्रत्याशियों की किस्मत शाम 6 बजे ईवीएम में कैद हो गई। इनकी किस्मत का ताला अब 4 जून को मतगणना के बाद ही खुलेगा।