कासगंज। जिले में मतदान के दौरान अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के तीन गांव में मतदाताओं ने मतदान के बहिष्कार का ऐलान कर दिया। इससे कहीं दो घंटे तो कहीं तीन घंटे मतदान रुका रहा। मतदान बहिष्कार के ऐलान पर प्रशासन सक्रिय हुआ और ग्रामीणों को समझाया। समझाने पर ग्रामीण मान गए और मतदान शुरू हुआ। अमां विधानसभा के नगला भीमसेन में बूथ संख्या 335 पर मतदाताओं ने मतदान नहीं करने का ऐलान कर दिया। ग्रामीण खुशालीराम ने कहा कि गांव के देवेंद्र ने स्कूल के लिए जमीन दी थी। इस जमीन पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। सूचना के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। सूचना पर एसडीएम कुलदीप सिंह एवं सीओ सहावर शाहिदा नसरीन मौके पर पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों को लिखित रूप से कार्रवाई का भरोसा दिया। तब करीब सवा ग्यारह बजे मतदान शुरू हो सका। पटियाली विधानसभा के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के निबिया मतदान केंद्र पर भी ग्रामीणों ने विकास कार्यों के न होने पर मतदान बहिष्कार का ऐलान कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान का भरोसा दिया। तब मतदाता तीन घंटे के बाद मतदान करने को राजी हुए। यहां करीब तीन घंटे तक मतदान रूका रहा। वहीं मोहनपुरा क्षेत्र के रामपुर में भी जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और विकास के मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। यहां भी एक बजे तक मतदान बाधित रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद एक बजे के बाद मतदान शुरू हो सका।