मैनपुरी नवीगंज चौकी क्षेत्र में चोरों की दहशत का आलम ये है कि लोग रात रात भर जागकर गुजार रहे हैं। शाक्य मोहल्ला में बुधवार की रात चोरों के आने पर लोग जाग गए और पहरेदारी करते रहे। इसके बावजूद चोर एक महिला के घर से बक्सा चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और वापस चली गई।
बुधवार की रात नवीगंज निवासी प्रवीन शाक्य के परिजन घर के बाहर पड़े टीनशेड के नीचे सो रहे थे। देर रात करीब एक बजे आहट होने पर वे जाग गए। तीन चोर नजर आए, तो परिजनों ने शोर मचा दिया। इसके बाद चोर भाग निकले। जगार होने के बाद ग्रामीणों ने चोरों की काफी तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। इस बीच पता चला कि चोर वृद्धा प्रेमा देवी के घर से बक्सा चोरी कर ले गए हैं। तलाश के दौरान बक्सा मोहल्ले में ही एक शौचालय के पास टूटा मिला।
वृद्धा ने बताया कि उसमें 15 हजार रुपया रखे हुए थे। रात भर ग्रामीण चोरों के भय जागकर पहरेदारी करते रहे। इस बीच चोरों ने धर्मेंद्र नागर के मकान के ताले तोड़ कर एक जोड़ी कुंडल व पायल चोरी कर ले गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मोहल्ला शाक्यान व आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश की लेकिन कोई भी हाथ नहीं आ सका। इसके बाद पुलिस भी वापस लौट गई। क्षेत्र में लगातार हो रहीं चोरी की इन वारदातों से ग्रामीण दहशत में हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी कई वारदात हुईं लेकिन पुलिस ने किसी का खुलासा नहीं पाया।