अमांपुर। क्षेत्र के हरथरा गांव के पास सोमवार को सोमवती अमावस्या के दिन यूकेलिप्टस के पेड़ पर ग्रामीणों ने गिद्धों का झुंड देखा। जिसे देखकर ग्रामीणों में उत्साह रहा। ग्रामीण पेड़ पर बैठे गिद्धों को देखने के लिए पहुंचे। लोगों ने फोटो व वीडियो लेकर वायरल किया। सोमवती की अमावस्या की सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव के समीप यूके लिपटस के पेड़ पर गिद्धों को बैठा देखा। जिसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को हुई ताे वह भी गिद्धों को देखने के लिए पहुंच गए। गांव के बुजुर्गों का मानना है कि गिद्धों का होना वायुमंडल के स्वच्छ होने का प्रतीक है। यूकेलिप्टस के पेड़ पर गिद्धों के झुंड को देखकर पर्यावरण प्रेमियों में खुशी दिखाई दी। गिद्ध देखे जाने के फोटो और वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर भी वायरल किए। ग्रामीण शिव शंकर वशिष्ठ ने बताया कि लुप्त हो चुके गिद्धों को देखना उत्साहित करता है। पहले लगा कि कोई अन्य पक्षी है। जब पास जाकर देखा कि गिद्ध हैं तो उन्हें देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। गिद्धों को देखकर युवा काफी खुश रहे।