भोगांव, मैनपुरी। गांव हसनपुर मल्लामई निवासी फर्जी शिक्षिका की गिरफ्तारी न होने के चलते हरदोई पुलिस अब संपत्ति को कुर्क किए जाने की कार्रवाई में जुट गई है। थाना पुलिस को पत्र भेज कर अवगत कराया गया है।
हरदोई पुलिस ने थाना पुलिस को पत्र भेज कर जानकारी दी है। बताया कि थाना क्षेत्र के हसनपुर मल्लाहमई निवासी राजबेटी उर्फ रामबेटी ने फर्जीवाड़ा किया। जनपद एटा की अंजली यादव के प्रमाण पत्रों में कूट रचना करते हुए खुद को अंजली बताया और हरदोई के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 20 जून 2011 को गृह विज्ञान पार्ट टाईम शिक्षिका के रूप में नौकरी प्राप्त कर ली। अंजली नाम से वेतन भी लिया जाता रहा। जब खुलासा हुआ तो आरोपी फरार हो गई। कई बार दबिश दी गई लेकिन पकड़ में नहीं आ सकी। आठ अप्रैल को एसीजेएम-द्वितीय जनपद हरदोई न्यायालय द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गैरजमानती वांरट जारी किए हैं। आरोपी राजबेटी उर्फ रामबेटी के लगातार वांछित चलने की वजह से 82 की कार्रवाई अमल में लाई जानी है। शीघ्र ही गिरफ्तारी नहीं हुई तो संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।