विजिलेंस टीम ने लेखपाल शिप्रा गुप्ता और उसके साथी को घूस लेते पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा में विजिलेंस आगरा सेक्टर की टीम ने मंगलवार को नगर निगम की राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता को एक लाख रुपये घूस लेते दलाल सहित गिरफ्तार कर लिया। निरीक्षक के पकड़े जाने पर निगम कर्मी जुट गए। बाद में रिश्वत के साथ पकड़े जाने पर शांत हुए। शिप्रा गुप्ता ने कमला नगर के कारोबारी से गृह कर बकाया का नोटिस भेजा था। दो लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। टीम ने जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ लिया। उन्हें बुधवार को मेरठ की विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस की गिरफ्त में आई राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता फिरोजाबाद के मोहल्ला जोशियान की रहने वाली हैं। चर्चा है कि वह दलाल के संपर्क में रहती थीं। विजिलेंस ने भी उन्हें दलाल के साथ ही पकड़ा। विजिलेंस के पकड़ने पर निगमकर्मी आ गए। उन्हें लगा कि निरीक्षक का झगड़ा हो गया। उन्हें कोई अगवा कर ले जा रहा है। बाद में मामला रिश्वत का निकला।