जसराना थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में किशोरी के साथ मारपीट करने के बाद तमंचे की बट से उसके पिता को घायल कर दिया। आरोपी युवक का तमंचा लहराने का वीडियो सामने आया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके भाई को हिरासत में लिया है।
थाना जसराना के गांव सिकंदरपुर निवासी विनोद कुमार की पुत्री मंगलवार की सुबह गांव की दुकान से बिस्किट लेने जा रही थी तभी गांव के ही रामगोपाल, पीतम एवं उनके पिता शैतान सिंह ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। चीख पुकार मचने पर पहुंचे विनोद पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान बट लगने पर उसके सिर में चोट लग गई।
वहीं युवक का तमंचा लहराते हुए किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। युवक का तमंचा लहराते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से आम जनता के साथ पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के भाई को हिरासत में लिया। वहीं घायल का डाक्टरी परीक्षण कराकर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
बाद में पुलिस ने तमंचा लहराने वाले युवक को भी हिरासत में लिया है। वहीं लोगों की मानें तो युवक गांव में पूर्व में तमंचा लहराकर दहशत फैलाने का कार्य कर चुका है। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर तमंचा लहराने वाले के साथ उसके भाई को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।