कासगंज। सोरोंजी के एवनपुर में अपने भतीजे की हत्या एवं भाई को घायल करने के आरोपी वीरेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने भतीजे की हत्या एवं भाई के गोली मारने की वजह भतीजे द्वारा अपमान किए जाने से आहत होना बताई है। ग्राम एवनपुर में बृहस्पतिवार को वीरेश ने अपने भतीजे राघवेंद्र की हत्या कर दी थी, तथा भाई अवधेश को घायल कर दिया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज हो जाने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीओ अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। टीम ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के द्वारा चलाए गोलियों के खोखे भी बरामद कर लिए। इसके अलावा तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि कुछ दिन पहले भतीजे राघवेंद्र ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। अपने इस अपमान से वह आहत था। जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।