मैनपुरी। यूरिया लादकर भोगांव की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर मार्ग पर पलट गई। बोरियां सड़क पर बिखर गईं। मार्ग अवरुद्ध होने की वजह से लोग रास्ता बदल कर गुजरते दिखे, क्रेन की मदद से करीब एक घंटा बाद वाहन को हटवाया गया। शहर से भोगांव जाने वाले मार्ग पर फूलबाग के पास शनिवार सुबह यूरिया की बोरियां लादकर भोगांव की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली बाइक सवार के सामने आने के बाद अनियंंत्रित होकर पलट गई। ट्राली पलटने से उसमें लदी यूरिया की बोरियां मार्ग पर फैल गईं। कई बोरियां फट भी गईं। मार्ग अवरुद्ध होने के चलते भोगांव की ओर जाने वाले वाहन सवार रास्ता बदल कर गुजरने लगे। ट्रैक्टर मालिक कुछ देर बाद मौके पर पहुंचा और क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर-ट्राॅली को सीधा कराया। यूरिया की बोरियां 2 अन्य ट्रैक्टर में लाद कर गंतव्य के लिए भिजवाई। करीब एक घंटे तक मार्ग का आवागमन प्रभावित रहा।