आगरा। ताजमहल पर पर्यटकों को घुमाने वाले गाइडों से गोल्फ कार्ट में वसूली पर सोमवार को शिल्पग्राम में हंगामा हुआ। विरोध दर्ज कराने के लिए गाइड जयपुर हाउस स्थित आगरा विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। जहां उपाध्यक्ष अनीता यादव ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
सूर्योदय के समय गाइड पर्यटकों को लेकर शिल्पग्राम पहुंचे थे। जहां से गोल्फ कार्ट संचालित होती हैं। गोल्फ कार्ट में बैठने के नाम पर प्रति गाइड प्रति चक्कर 20 रुपये की मांग की गई। गाइडों ने इसका विरोध करते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि वह दिन में दस पर्यटकों को घुमाते हैं। किराए के नाम पर उनसे वसूली हो रही है। जबकि ऐसा कोई नियम नहीं है।
टूरिस्ट गाइड्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान व एप्रूव्ड गाइड के अध्यक्ष शमसुद्दीन से गाइडों ने शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद गाइड जयपुर हाउस स्थित एडीए दफ्तर पहुंचे। एडीए उपाध्यक्ष अनीता यादव को समस्या बताई। उन्होंने कहा कोई किराया नहीं लगाया है। अवैध वसूली की शिकायत पर जांच कराई जाएगी। गोल्फ कार्ट संचालन का ठेका एडीए ने दिया है लेकिन, किसी तरह की कोई नई शर्त नहीं जोड़ी गई है।