मथुरा जीआरपी में तैनात सिपाही पर महिला कांस्टेबल का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। आगरा निवासी महिला सिपाही ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पुलिस लाइन में तैनात है। एसएसपी के आदेश पर महिला थानाध्यक्ष कंचन कटियार मामले की जांच कर रही हैं।
महिला सिपाही ने बताया कि चार वर्ष पूर्व उसकी ड्यूटी बरसाना में राधाष्टमी पर लगी थी। यहां उसकी मुलाकात मैनपुरी के घिरोर निवासी दूसरे धर्म के सिपाही से हुई। सिपाही चार साल तक उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। अप्रैल में उसे पता चला कि सिपाही शादीशुदा है।
उसकी ससुराल एटा के जैथरा में है। महिला सिपाही ने बताया कि वर्ष 2005 में उसके पति की मौत के बाद उसे नौकरी मिली थी। उसकी दो बेटियां हैं। जो इंटर में पढ़ रही हैं। सिपाही उसके यहां पति की हैसियत से आकर रुकता था। पड़ोस में रहने वाली सिपाही भी इसकी गवाह है।
फोटो वायरल करने की धमकी
महिला सिपाही ने बताया कि आरोपी का 5 जून को फोन आया था। उसने धमकी दी कि यदि शिकायत वापस नहीं ली तो उसके फोटो वायरल कर बदनाम कर देगा। पीड़िता ने बताया कि उसने आठ मई को शिकायत की। 11 मई को महिला थानाध्यक्ष के समक्ष उसके बयान हुए। 29 मई को सिपाही को बुलाया तो उसने समझौता करने से इनकार कर दिया।