कासगंज। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा में नकल रोकने के लिए कडे़ इंतजाम किए गए है। परीक्षा केंद्रों को तीन जोन में बांटकर आठ सेक्टर बनाए गए हैँ। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 67 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 41 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए कासगंज, सहावर एवं पटियाली तहसील के आधार पर एक-एक जोन बनाया गया है। जिसमें कासगंज व पटियाली जोन में तीन-तीन सेक्टर व सहावर क्षेत्र में दो सेक्टर बनाए गए हैं। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेंगे। सभी केंद्रों के लिए एक एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र पर रहकर परीक्षा पर नजर रखेंगे। वहीं शिक्षा विभाग ने भी अपने सचल दल बनाए हैं।