उत्तर प्रदेश में बोर्ड की हाईस्कूल की तीन विषयों की परीक्षा के समय (पाली) के संबंध में गफलत की स्थिति पैदा हो गई है। बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम और केंद्रों को उपलब्ध कराए गए अटेंडेंस चार्ट में परीक्षा का समय अलग-अलग है। परीक्षा का जो समय कार्यक्रम में दिया गया है, वही परीक्षार्थियों को जारी कार्यक्रम में भी है।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल संगीत गायन विषय की परीक्षा 19 फरवरी, वाणिज्य की 26 फरवरी और कंप्यूटर विषय की परीक्षा दो मार्च को दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक होनी है।
यही समय परीक्षाओं के प्रवेशपत्र पर भी दर्ज है। जबकि परीक्षा केंद्रों को दिए गए चार्ट में ये परीक्षाएं सुबह की पाली में (सुबह 8:00 से 11:15 बजे तक) दर्शाई गई हैं। इससे केंद्र व्यवस्थापकों की परेशानी बढ़ गई है।
इस त्रुटि के संबंध में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नैनाना जाट की प्रधानाचार्य ने शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजकर मार्गदर्शन भी मांगा है। सेंट जोंस इंटर कॉलेज हॉस्पिटल रोड के प्रधानाचार्य की ओर से भी इस समस्या को रखा गया है।
बोर्ड सचिव को अवगत कराएंगे
इस त्रुटि के संबंध में बोर्ड सचिव को अवगत कराकर मार्गदर्शन प्राप्त किया जाएगा। अभी परीक्षा शुरू होने में समय है। वस्तुस्थिति से केंद्र व्यवस्थापकों को अवगत करा दिया जाएगा।
-रवींद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक