कड़े सुरक्षा घेरे में जमा होंगी यूपी बोर्ड की कॉपियां
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की आगे की परीक्षाओं के दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों से संकलन केंद्र तक कॉपियां पुलिस सुरक्षा के बीच ले जाई जाएंगी। इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र आउट होने के बाद सतर्कता बढ़ाई जा रही है। पुलिस उपलब्ध कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से एसएसपी को पत्र लिखा जा रहा है।
सुरक्षा के लिए रहेगा सख्त पहरा
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्रों के रखरखाव के लिए रात में भी पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जानी है। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि यदि किसी परीक्षा केंद्र की गतिविधि ठीक न लगे तो उसे भी संवेदनशील परीक्षा केंद्र की सूची में डालकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़वाई जाए।
2,471 विद्यार्थियों ने इंटरमीडिएट इतिहास विषय की परीक्षा दी
बृहस्पतिवार को पहली पाली में हाईस्कूल की कृषि विषय की परीक्षा में 394 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 387 उपस्थित हुए। इंटरमीडिएट के वाणिज्य वर्ग के लिए गणित एवं प्रारंभिक सांख्यिकी पुराने पाठ्यक्रम की परीक्षा में पंजीकृत तीनों ही विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में हाईस्कूल के मानक विषय में पंजीकृत सभी 11 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। ये सभी विषय परिवर्तन वाले परीक्षार्थी थे। इंटरमीडिएट के इतिहास विषय की परीक्षा में 2,686 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2471 परीक्षा में शामिल हुए।