अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज 21 जून को दुनियाभर में मनाया जा रहा है। लोगों में योग दिवस के लिए खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके तहत आगरा और आसपास के कई जिलों में लोगों ने योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को सीकरी के पंच महल से लेकर शहर के एकलव्य स्टेडियम तक 250 स्थानों पर योग किया गया। जिले के करीब आठ लाख लोगों ने शिरकत की। फतेहपुरसीकरी के पंच महल में भव्य आयोजन हुआ, यहां केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने योग किया। इस दौरान सांसद राजकुमार चाहर, विधायक चौधरी बाबूलाल भी मौजूद रहे। इसके अलावा दूसरा मुख्य आयोजन एकलव्य स्टेडियम में हुआ। दोनों स्थानों पर करीब पांच-पांच हजार लोग शामिल हुए।