अनियंत्रित ट्रैक्टर खेत में पलटा, एक किसान की मौत
-दो की हालत गंभीर, कुर्रा क्षेत्र में सर्विस रोड पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी।
मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र में सोमवार की देर शाम करहल की ओर से आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सर्विस रोड से नीचे उतर कर खेत में पलट गया। ट्रैक्टर चालक सहित तीन लोग ट्राली के नीचे दब गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मौके पर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा। वहां एक किसान को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव हविलिया निवासी मुकेश यादव सोमवार को गांव निवासी हिरदेश और सतेंद्र कुमार के साथ करहल स्थित किरथुआ मंडी में धान की बिक्री करने के लिए गए थे। देर शाम तीनों ट्रैक्टर से वापस गांव लौट रहे थे तभी आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे माइलस्टोन 99 किमीटर पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सर्विस रोड से नीचे खेत में उतरने के बाद पलट गया। सत्येंद्र मुकेश और हिरदेश ट्रैक्टर के नीचे दब गए। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। हाइड्रा की मदद से ट्रैक्टर को हटाने के बाद घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया। वहां मुकेश को मृत घोषित कर दिया गया। सत्येंद्र और हिरदेश की हालत गंभीर बनी हुई है।