कासगंज। केनाल बाईपास पर नदरई के निकट मंगलवार की देर रात एक कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार छह लोग गंभीररूप से घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि तीन लोगों को रेफर किया गया है। एटा के मारहरा दरवाजा मोहल्ला निवासी शहजाद, शहना बेगम पत्नी शहजाद, दिलशाद एवं दानिश पुत्र शहजाद, जाहिदा बेगम पत्नी हालिम, पटियाली गेट निवासी अवरार सभी लोग एक कार में सवार होकर नदरई के पास मौजूद दरगाह पर मत्था टेकने लिए जा रहे थे। केनाल बाईपास से होकर गुजरने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे के बाद बड़ी संख्या लोग एकत्र हो गए। लोगों ने घायलों की मदद की साथ ही उन्हें कार से निकालकर अस्पताल भेजने की व्यवस्था किए। स्थानीय लोगों के सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दूसरी तरफ अस्पताल पहुंचने पर सभी घायलों का डाक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। इस दौरान हालत गंभीर देख घायल डॉक्टर ने जाहिदा बेगम, शहजाद, दिलशाद को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया है।