खंदौली। आगरा-अलीगढ़ हाईवे के किनारे स्थित खंदौली कस्बे में बुधवार की भोर बेकाबू हुआ कैंटर बिजली का खंभा तोड़ते हुए मुख्य बाजार में गोयल धर्मशाला की मार्केट में बनी दुकानों में जा घुसा। बाजार बंद होने से बड़ा हादसा बच गया। टक्कर से दुकानों के शटर और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई। दुकानों में रखा सामान भी बिखर गया। हादसे की आवाज सुनकर लोग घबरा गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा दिन में होता तो कई लोग चपेट में आ सकते थे। साथ ही बाजार के लोगों ने हादसे के लिए लोगों ने अतिक्रमण को भी जिम्मेदार ठहराया है।