सहावर। क्षेत्र के ग्राम कनोई में टीकाकरण के दौरान एक मासूम को टीका लगाए जाने पर उसके मामा ने एएनएम की पिटाई कर दी। उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। मामले में एएनएम ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को दबिशें दे रही है। ग्राम कनोई में शनिवार की दोपहर टीकाकरण के लिए एएनएम तुलसी निवासी सेवर ढोलना गई हुई थी। गांव की निशा अपने पुत्र अरमान को टीका लगवाने के लिए शिविर में पहुंची। एएनएम ने उसके बच्चे को टीका लगा दिया। कुछ देर बाद अरमान का मामा शानू एएनएम के पास पहुंच गया और टीकाकरण किए जाने का उसने विरोध किया। आरोपी एएनएम से गाली-गलौज करने लगा। एएनएम ने समझाने का प्रयास किया तो उसकी पिटाई कर उसका मोबाइल तोड़ दिया। टीकाकरण पर मौजूद महिलाओं ने उसे बचाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। मामले में एएनएम ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस को सक्रिय किया गया है।