आगरा में एमजी रोड पर कलक्ट्रेट के पास शुक्रवार की सुबह दो लावारिस सूटकेसों के मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सूटकेसों में विस्फोटक की आशंका पर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुला लिया। टीम ने जब सूटकेसों को खोला तो लोगों ने चैन की सांस ली।
यहां मिले सूटकेस
कलक्ट्रेट तिराहे के पास रावली पुल पर राहगीरों ने तकरीबन सुबह 8:00 बजे दो लावारिस सूटकेस पड़े देखे। दोनों सूटकेस कुछ दूरी पर पड़े हुए थे। वह भरे हुए थे, जिससे राहगीरों को उनमें विस्फोटक होने की आशंका हुई। उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। रकाबगंज और नाई की मंडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों सूटकेस कलक्ट्रेट तिराहे से छीपीटोला की ओर जाने मार्ग पर पड़े थे। इस स्थान के सामने ही रावली मंदिर है। आसपास के लोग इसमें साजिश का अनुमान लगा रहे थे।
बम निरोधक दस्ता पहुंचा मौके पर
पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को बुला लिया। टीम ने सूटकेस को खोला तो उसमें कुछ कपड़े आदि जरूरी सामान रखा हुआ था। इसी दौरान सूटकेस को तलाशते हुए उनके मालिक भी वहां आ गए। वह राजस्थान के रहने वाले थे।
जयपुर के लोगों की कार से गिरे थे दोनों सूटकेस
सूटकेस के मालिकों ने बताया कि वह घूमने जा रहे थे। दोनों सूटकेस उन्होंने कार के ऊपर कैरियर में बांध रखे थे। जो खुलकर सड़क पर गिर गए। कई किलोमीटर जाने के बाद उन्हें सूटकेस गिरने का पता चला, जिन्हें वे खोज रहे थे। पुलिस ने दोनों सूटकेस उनके मालिकों को सौंप दिए। इस पूरी कार्रवाई के दौरान करीब 45 मिनट तक वाहनों का आवागमन रुका रहा।