मैनपुरी। जिले में बड़ी संख्या में बिना विशेषज्ञ के अल्ट्रासाउंड केंद्र का संचालन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर अभियान चलाया गया। एसडीएम और एसीएमओ की कार्रवाई के दौरान एक केंद्र संचालक पंजीकरण संबंधी कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। उसके यहां रेडियोलॉजिस्ट नहीं था। अधिकारियों ने अल्ट्रासाउंड केंद्र का सील कर दिया। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह से शहर में बिना रेडियोलाजिस्ट और पंजीकरण के संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच कराने की शिकायत की गई थी। जिस पर डीएम ने अपंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापामार कार्रवाई के लिए डिप्टी कलक्टर के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को डिप्टी कलक्टर नितिन कुमार ने टीम में शामिल एसीएमओ डाॅ.संजीव राव बहादुर और जिला समन्वयक सीमा रानी के साथ शहर के अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापामार कार्रवाई की। कचहरी रोड पर संचालित राज अल्ट्रासाउंड सेंटर पर टीम पहुंची यहां डिप्टी कलक्टर ने संचालक से पंजीकरण और रेडियोलॉजिस्ट संबंधी अभिलेख मांगे, लेकिन वह कुछ दिखा नहीं सका तो टीम ने बिना पंजीकरण के चल रहे सेंटर को सील कर दिया। इसके बाद टीम शिव प्रिया अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंची, लेकिन टीम को देखते ही संचालक सहित स्टाफ दुकान बंद करके फरार हो गए। इस दौरान एसीएमओ डाॅ. संजीव राव बहादुर ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शहर में बिना पंजीकरण और रेडियोलाॅजिस्ट के चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की जा रही है। इसी के तहत एक सेंटर को सील कर संचालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।