बेवर।कस्बे के नेहरु हाॅल में परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा एक से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं ने जूनियर और प्राइमरी वर्गों में प्रतिभाग किया। प्राइमरी वर्ग की 400 मीटर बालक दौड़ में उदय और बालिका में काव्या, जूनियर वर्ग के बालक वर्ग से कार्तिक और बालिका वर्ग में दीक्षा सिंह अव्वल रहीं।शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बेवर सरितकांत भाटिया और खंड शिक्षा अधिकारी कपूर सिंह परिहार ने मशाल प्रज्ज्वलित कर किया। चेयरमैन ने कहा कि शिक्षा के साथ ही खेल छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। ग्रामीण क्षेत्र से इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को अवसर मिलता है। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए खेल बच्चों के लिए आवश्यक हैं। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग की दौड़, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, पीटी, योग, सुलेख आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान एआरपी राहुल यादव, गोविंद पांडेय, विशाल दीक्षित, कायम सिंह, सुमित शुक्ला, शैलेंद्र सिंह चौहान, अमित बैस, रामवीर सिंह आदि मौजूद रहे।