मैनपुरी।
गांव नगला भंत में एक शादी समारोह में नौटंकी देख रहे दो युवकों को बेकाबू हुई पिकअप ने रौंद दिया। इसके चलते समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। गांव निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चालक व साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भंत में बुधवार की रात एक व्यक्ति के यहां पुत्री की बरात आई थी। जय माता आदि के कार्यक्रम हंसी खुशी के साथ संपन्न हो गए थे। दूल्हा पक्ष एक पिकअप पर नौटंकी भी लेकर आया था। देर रात करीब दो बजे गांव के कई लोग पिकअप के आसपास खड़े होकर नौटंकी देख रहे थे। तभी अचानक पिकअप बेकाबू हो गई, पिकअप ने पास खड़े गांव निवासी मीनेश कुमार (25) और दुल्हन के रिश्तेदार मामा अनिल कुमार को टक्कर मार दी। पिकअप का पहिया मीनेश के सिर के ऊपर से गुजर गया। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। चालक ने जैसे तैसे पिकअप को नियंत्रित कर रोका। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं मीनेश का शव मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने पिकअप चालक व साथी को हिरासत में लिया है।
तहरीर के आधार पर सड़क हादसे का मामला दर्ज कर चालक को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-अजीत सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली