कासगंज। सहावर में मोहल्ला झंडापीर स्थित नाइयों वाली मस्जिद के पास 25 अक्तूबर रात प्रेमिका के भाइयों ने युवक जिया अहमद की लोहे की सरिया व चाकू से हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में 25-25 हजार के दो इनामी आरोपियों को गंजडुंडवारा रोड पर गिरफ्तार कर लिया है। सोरोंजी रोड निवासी जिया अहमद (20) पुत्र इकरार अहमद पर नाई वाली मस्जिद के पास उसकी प्रेमिका के भाई फैसल, रफत निवासी झंडापीर, फुफेरे भाई फैजान और रिजवान ने हमला कर दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। मृतक के पिता इकरार अहमद ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने 28 अक्तूबर को आरोपी फैसल को गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी थी। इन आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि आरोपी फैजान और रिजवान निवासी मोहल्ला हुसैनी बोंदर रोड को गंजडुंडवारा रोड पर अनिल भट्ठा के आगे से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।