औंछा में एक क्लीनिक को सीज करने के बाद मौजूद नोडल अधिकारी।
मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में बिना पंजीकरण के संचालित क्लीनिक और पैथोलाॅजी लैब सेंटरों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। नोडल अधिकारी झोलाछाप ने औंछा क्षेत्र में शुक्रवार शाम छापा मारा। यहां दो क्लीनिक और दो पैथोलॉजी बिना पंजीकरण के संचालित मिले। इन्हें सील करते हुए संचालकों को नोटिस जारी किया है। नोडल अधिकारी झोलाछाप डाॅ. आशुतोष कुमार और उनकी टीम ने कस्बा औंछा और ज्याेंती में छापा मारा। औंछा में निर्मला देवी अवैध क्लीनिक का संचालन करते पाई गईं, उनका क्लीनिक सीज कर नोटिस जारी किया गया। ज्योंती में बंगाली क्लीनिक, लालपैथ लैब और आराध्या पैथलैब बिना पंजीकरण के संचालित मिली। इनके संचालकों को नोटिस जारी किया। नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि तीन दिन में अवैध क्लीनिक संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। समय से स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।