आगरा। भीषण गर्मी और तेज धूप पर्यटकों पर भारी पड़ने लगी है। मंगलवार को ताजमहल का दीदार करने आए दो पर्यटकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। दिल्ली ईस्ट से आए पर्यटक मुकेश महतो को स्मारक परिसर में अचानक उल्टी होने लगी। वहीं, लखनऊ से आई महिला पर्यटक श्रेया को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। दोनों को तेज धूप के कारण हीट स्ट्रोक जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। तबीयत बिगड़ने की सूचना पर एएसआई के कर्मचारी उन्हें पर्यटक सुविधा केंद्र ले गए। वहां स्वास्थ्य टीम ने दोनों का चेकअप किया और उन्हें जरूरी दवाइयां व ओआरएस का घोल दिया। राहत मिलने के बाद दोनों पर्यटकों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
एएसआई अधिकारियों ने पर्यटकों को सलाह दी है कि वे दोपहर की धूप से बचें और अपने साथ पानी की बोतल और छाता जरूर रखें।