मारपीट के दौरान मौके पर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरारी में पंचायत निधि से पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जा रहा था। उसी समय गांव के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और गालीगलौज, मारपीट करते हुए पथराव करने लगे। दोनों ही पक्ष के छह लोगों के चोटें आई है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 23 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
रविवार को ग्राम पंचायत निधि से सिकरारी गांव में नाली का निर्माण कराया जा रहा था। उसी समय गांव के दिवाकर समाज और दूसरी ओर से बघेल, ब्राह्मण और नाई समाज के लोग नाली को एक दूसरे की ओर करने की कहने लगे। इस पर विवाद हो गया। गालीगलौज और मारपीट हुई। लोगों ने पथराव किया। इससे भगदड़ मच गई।
मौके पर अवागढ़ और शकरौली पुलिस ने फोर्स के साथ पहुंचकर स्थिति को संभाला। विनोद कुमार दिवाकर ने मोनू, मोहित, चंदन सहित 17 के खिलाफ पिटाई सहित एससी-एसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि दूसरे पक्ष से मीना देवी ने राहुल, चरन सिंह, सत्यवीर सहित सात के खिलाफ गालीगलौज, पिटाई करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दोनों पक्षों से दो महिलाओं सहित छह लोग घायल हुए। जिन्हें पीएचसी अवागढ़ पर भेजकर इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। थानाध्यक्ष फूलचंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।