कुरावली। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बा में संचालित दो दुकानों पर छापा मारा। यहां अवैध रूप से सर्जरी और उपचार आदि का काम चलने की शिकायत की गई थी। सीएमओ के निर्देश पर पहुंची टीम ने दोनों दुकानों को सील करते हुए संचालकों को तीन दिन में किए जा रहे कार्य के संबंध में अभिलेखों सहित उपस्थित होकर जवाब देने का नोटिस जारी किया।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी कि कस्बा कुरावली में अनंत कुमार अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर सर्जरी आदि का कार्य करते हैं। वहीं रामसहाय भटनागर भी आखों का उपचार करते हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां नोडल अधिकारी डॉ. विनीत यादव के नेतृत्व में छापा मारा। दोनों जगह से संचालक भाग गए। अनंत कुमार के यहां से कुछ सर्जरी का सामान मिला है वहीं रामसहाय के यहां से चश्मा बरामद हुए हैं। दोनों को संबंधित शिकायतों के संबंध में नोटिस जारी करते हुए किए जा रहे कार्य के संबंध में पंजीकरण और डिग्री मांगी गई हैं।
कुरावली। नगर जीटी रोड पर संचालित बालाजी अस्पताल की मंगलवार को जिलाधिकारी से शिकायत की गई कि यहां प्रसव के नाम पर अवैध रूप से वसूली की जाती है। बुधवार को सीएमओ के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. विनीत यादव ने यहां जांच की। जांच के बाद संचालक को नोटिस जारी किया गया कि वह की गई शिकायत के बारे में तीन दिन में सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होकर अपना जवाब दें अन्यथा की स्थिति में उनका पंजीकरण निरस्त कर दिया जाएगा। यहां टीम को आठ मरीज भर्ती मिले। हालांकि अस्पताल पंजीकृत था।