कासगंज। जिले के दो अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का कायाकल्प होगा। शासन से प्रोजेक्ट अलंकार के तहत होने वाले कार्यों के प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ ही बजट भी जारी कर दिया है। विद्यालयों का कायाकल्प के बाद छात्रों को भी राहत मिलेगी।शासन से 75 वर्ष पुराने सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के कायाकल्प के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना लागू की है। इस योजना के तहत होने वाले कार्यों के लिए 75 प्रतिशत धनराशि शासन से दी जाएगी। जबकि 25 प्रतिशत धनराशि विद्यालय प्रबंधन खर्च करेगा। जिले से बीएवी इंटर कालेज एवं श्रीगणेश इंटर कॉलेज में होने वाले कार्यों का प्रोजेक्ट तैयार करके एक साल पहले शासन को भेजा गया। बीएवी इंटर कॉलेज में 76 लाख 83 हजार रुपये से कार्य होंगे। इसमें से 57 लाख 62 हजार रुपये शासन से मिलेंगे। जबकि 19 लाख 94 हजार विद्यालय खर्च करेगा। श्रीगणेश इंटर कॉलेज में 1 करोड़ 33 लाख 33 हजार रुपये से कार्य होंगे। इनमें से एक करोड़ रुपये शासन से मिलेंगे। जबकि 33 लाख 33 हजार रुपये विद्यालय को खर्च करने हैं।